
Student Protest Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन अब और तेज हो गया है। बुधवार को तेज बारिश के बावजूद राजधानी रांची में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक संविधान मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया।
राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह अभ्यर्थियों का है और इसे किसी भी राजनीतिक दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह नहीं बनाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बारिश भी नहीं रोक सकी छात्रों का विरोध
मूसलाधार बारिश के बीच भी छात्र हाथों में तिरंगा, संविधान और पोस्टर लेकर सड़कों पर डटे रहे। अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और राष्ट्रगान गाकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
सरकार से संवाद और निष्पक्ष जांच की मांग
छात्रों ने सरकार से जल्द बातचीत शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित विवादों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना था कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
राजनीतिक दखल से बनाई दूरी
आंदोलन के दौरान कुछ राजनीतिक नेताओं के पहुंचने पर कई छात्रों ने आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों ने दोहराया कि यह किसी राजनीतिक मंच का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की लड़ाई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आंदोलन का राजनीतिक लाभ नहीं उठाने की अपील की।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

