रांची : सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए ‘ओथ फाउंडेशन’ द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता (माहवारी स्वच्छता प्रबंध) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता एवं निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन पैड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बरियातू रोड स्थित सीएम एक्सीलेंस ऑफ स्कूल रांची (सेंट्रल एकेडमी के सामने) परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों बालिकाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और 100 जरूरतमंद बच्चियों के बीच निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन पैड का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बालिकाओं को माहवारी (पीरियड्स) के दौरान साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि आज भी समाज में माहवारी को लेकर झिझक और भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिन्हें तोड़ना बेहद जरूरी है। माहवारी के समय सही स्वच्छता न बरतने से बालिकाओं को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और संक्रमण का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सेनेटरी पैड का इस्तेमाल न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि बालिकाओं के आत्मविश्वास और नियमित शिक्षा को भी सुनिश्चित करता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ओथ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बांका, दीपा बांका एवं सीएम एक्सीलेंस ऑफ स्कूल रांची की मैनेजर नीता पांडे उपस्थित थीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संस्था के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इसके बाद में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज सेवी का रूपम झा, आशुतोष द्विवेदी, संजीत गाड़ी, अमित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं का स्वास्थ्य ही एक सशक्त और समृद्ध समाज की नींव है। ग्रामीण और वंचित वर्गों की बच्चियों तक सेनेटरी नैपकिन की आसान पहुंच बनाना और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करना समय की मांग है। ओथ फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी समाज हित और महिला स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रशासन और उपस्थित अतिथियों ने संस्था के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

