बोधगया में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, युवक पर 6 राउंड गोलियां चलाकर फरार हुए बदमाश

बोधगया के हथियार गांव में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक युवक पर छह राउंड फायरिंग की। युवक सुरक्षित बच गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bodhgaya Firing : बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। चारपहिया वाहन से पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हालांकि हमले में युवक बाल-बाल बच गया और कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, करीब पांच अपराधी एक वाहन से हथियार गांव पहुंचे और मुकेश कुमार, पुत्र राम पुकार चौधरी, को निशाना बनाते हुए लगभग छह राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि फायरिंग के बाद एक आरोपी वाहन से उतरकर जमीन पर गिरे गोली के खोखे समेटने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि बदमाश सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद सभी आरोपी आराम से वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने ग्रामीणों को हिला कर रख दिया है। लोगों का कहना है कि अपराधियों ने जिस बेखौफ अंदाज में घटना को अंजाम दिया, उससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।