
Chatra News: गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 1.380 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उदय दांगी के रूप में हुई है, जो चतरा सदर थाना क्षेत्र के कसियाडीह टिकर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग स्थित बेलगाछ के पास से गिरफ्तार किया।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलगाछ क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध अफीम की खरीद-बिक्री करने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक में रखा 1.380 किलोग्राम अर्द्ध-ठोस अफीम बरामद किया गया। इसके अलावा एक ओप्पो मोबाइल फोन और काले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल (JH-13H-5234) भी जब्त की गई।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी लावालौंग क्षेत्र से अफीम लाकर दूसरे स्थान पर बेचने की तैयारी में था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग सात लाख रुपये है।
इस मामले में गिद्धौर थाना कांड संख्या 73/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की अपील भी की।

