
JSSC Exam 2026 : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए प्राप्त 16,113 ऑनलाइन आवेदन रद्द कर दिए हैं। आयोग के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया अधूरी रहने और परीक्षा शुल्क जमा नहीं करने के कारण यह कार्रवाई की गई है।
आयोग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, 15,936 अभ्यर्थियों ने केवल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की थी, लेकिन आवेदन के अन्य अनिवार्य चरण पूरे नहीं किए। वहीं 177 अभ्यर्थियों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया। इसी वजह से उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
जेएसएससी ने बताया कि विज्ञापन संख्या 08/2025 के तहत इस परीक्षा के लिए 14 दिसंबर 2025 से 24 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद आयोग ने यह निर्णय लिया है।
आयोग के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का आयोजन 22 जून से 24 जून 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा रांची स्थित विभिन्न कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) केंद्रों पर आयोजित होगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को जानकारी दी है कि उनकी परीक्षा तिथि से संबंधित सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से अपना मोबाइल और ई-मेल जांचते रहने की सलाह दी गई है।
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार 17 जून 2026 से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकृत ई-मेल आईडी अथवा आवेदन संख्या और जन्म तिथि के माध्यम से प्रवेश पत्र प्राप्त किया जा सकेगा।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

