सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त से पूछे दो दर्जन सवाल, कहा- मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना के इंटेकवेल की स्थिति स्पष्ट करें

जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना की प्रगति और पाइपलाइन, टैंक, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी मानगो नगर निगम से मांगी।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र यादव को पत्र लिख कर मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। सरयू राय ने पत्र में पूछा है कि मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना के इंटेकवेल की स्थिति क्या है? इंटेकवेल में लगे मोटरों की स्थिति क्या है? प्रत्येक दिन जल की कितनी मात्रा नदी से खींचकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में सफाई के लिए भेजा जाता है? वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में जल शोधन के लिए लगायी गयी मशीनों की स्थिति क्या है और ट्रीटमेंट प्लांट से किस पानी टंकी में कितनी देर तक पेयजल की आपूर्ति होती है? टंकी से किस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को कितनी देर तक पेयजल की आपूर्ति होती है और आपूर्ति का समय क्या है?

सरयू राय ने जानना चाहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल की पाइपलाइन किस मोहल्ले तक बिछायी गयी है? जहाँ तक पाइपलाइन बिछायी गयी है वहाँ तक पेयजल की आपूर्ति हो पा रही है या नहीं? ऐसे कितने इलाके हैं, जहाँ पाइपलाइन तो बिछायी गयी है परंतु पेयजल की आपूर्ति नहीं होती है? ऐसे कितने इलाके हैं जहाँ रात के 12 बजे से 2 बजे के बीच पेयजल की आपूर्ति होती है? मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कितने टैंकर कार्यरत हैं और किस टैंकर से किस क्षेत्र में पानी पहुँचाया जाता है? बालीगुमा टंकी तक पानी पहुँचाने के लिए एनएच 33 होकर पेयजल पाइपलाइन ले जाने की स्थिति क्या है? पेयजल उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या शिकायत कर रही है कि उनके घरों में पीने का पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है परंतु उनके पास पानी का बिल पहुँच जा रहा है। इसकी सच्चाई क्या है?

विधायक श्री राय ने पत्र में पूछा है कि इंटकवेल में जमा करीब छह फीट मोटा बालू का तह हटाने तथा इंटकवेल के दोनों ओर पक्की दीवार खड़ी करने के लिए विधायक निधि से पैसा स्वीकृत हो चुका है। कृपया बताएं कि इस कार्य की प्रगति क्या है? इंटकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पानी की टंकियों की सफाई कितने दिनों के अंतराल पर होती है और इनकी अंतिम सफाई आखिरी बार किस तिथि को हुई है? मानगो पेयजल परियोजना के डीपीआर में कितना पानी उपभोक्ताओं के घरों तक पहुँचाने का लक्ष्य है और यह लक्ष्य किस हद तक पूरा हुआ है?

पत्र में सरयू राय ने लिखा है कि चूँकि आपने हाल ही में मानगों नगर निगम के सर्वोच्च प्रशासनिक पद अपर नगर आयुक्त का पदभार ग्रहण किया है, लिहाजा यह जानना जरूरी है कि आपके अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मियों ने मानगो नगर निगम में विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति के विषय में आपको क्या जानकारी दी है तथा इस जानकारी में एवं क्षेत्र की वस्तुस्थिति में कितना अंतर है? श्री राय ने पूछा है कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में उनकी विधायक निधि से तथा जिला योजना की निधि से जिन योजनाओं का शिलान्यास तीन माह से अधिक समय पहले हो चुका है उनमें से कितनी योजनाएं पूरी हो चुकी है, कितनी कार्याधीन हैं और कितने पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है? योजनाओं में विलंब के लिए दोषी कौन है?

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।