बोकारो में JMM का बूथ महासम्मेलन, विनोद पांडे बोले- बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत

बोकारो में आयोजित JMM बूथ महासम्मेलन में केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Mukti Morcha : बोकारो टाउन हॉल (शिबू सोरेन स्मृति भवन) में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की ओर से जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे।

कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी और महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें चांदी का मुकुट और माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।

सम्मेलन के दौरान संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने, वर्तमान जनगणना प्रक्रिया तथा संभावित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पांडे ने कहा कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार का नेतृत्व कर रही है और पार्टी राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं और पार्टी की सफलता भी उन्हीं की सक्रियता पर निर्भर करती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने का संदेश दिया।

वहीं, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि बोकारो जिले के प्रत्येक बूथ को संगठन का मजबूत केंद्र बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन का संचालन मंटू यादव और जिला सचिव मुकेश महतो ने किया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। संगठनात्मक दृष्टि से इस सम्मेलन को झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।