
Namkum Firing : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के समीप स्थित पप्पू होटल के पास एक अपराधी ने शमशेर नामक युवक को निशाना बनाते हुए दो गोलियां मार दीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि घायल शमशेर, अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायत के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम के पुत्र हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए।
गोलीबारी की सूचना पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है।
फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

