
Saraikela Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने बुधवार को ईचागढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय संचालन व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन और जेएसएलपीएस सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारीपूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं और आवेदनों का त्वरित निपटारा किया जाना चाहिए। साथ ही कार्यालय आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया और निर्देश दिया कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, मीडिया और सामाजिक संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सर्वेक्षण एवं जनगणना कार्यों से जुड़े कर्मियों को भी अपने दायित्व पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ निभाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा कार्यालयों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, नियमित अद्यतन और कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा की जाए तथा जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा और अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

