
Saraikela Kharsawan : राज्य सरकार द्वारा निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 10 जून से 26 जून 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना है।
अभियान के पहले दिन जिले के गम्हरिया, चांडिल, नीमडीह और ईचागढ़ प्रखंडों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को “नशा मुक्त झारखंड” का संकल्प दिलाया गया और नशे के विरुद्ध शपथ ग्रहण कराया गया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद प्रभात फेरी और जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से आम लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री प्रदर्शित की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है।
सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार के निषिद्ध मादक पदार्थों का सेवन गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से कमजोर कर देती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के आगामी चरणों में जिले के अन्य प्रखंडों में भी जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 11 जून को सदर अस्पताल, सरायकेला से एक बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

