
रांची: झारखंड के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने महानिदेशक (DG) पद के लिए झारखंड कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी संजय ए. लाठकर के इम्पैनलमेंट को मंजूरी दे दी है। संजय लाठकर 1995 बैच के IPS अधिकारी हैं। उनका नाम देशभर के उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल है जिन्हें इस अहम पद के लिए चुना गया है। केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति (ACC) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, DG पद के लिए कुल 33 वरिष्ठ अधिकारियों के इम्पैनलमेंट को स्वीकृति मिली है। इनमें सबसे ज्यादा 30 अधिकारी 1995 बैच के हैं। संजय ए. लाठकर भी इसी बैच का हिस्सा हैं।
इसके अलावा सूची में 1990, 1991 और 1994 बैच के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को भी जगह दी गई है। DG पद के लिए इम्पैनलमेंट को प्रशासनिक सेवा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है, क्योंकि इसके बाद अधिकारियों के लिए केंद्र और राज्यों में शीर्ष स्तर की जिम्मेदारियों का रास्ता खुलता है।

