
River Encroachment : रांची में नदियों के संरक्षण, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए रांची नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने भूसुर नदी और डिबडीह नदी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर बड़गाई चौक से बूटी स्कूल तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सरकारी भूमि को खाली कराया गया।
नगर आयुक्त ने वार्ड 43 स्थित भूसुर नदी तथा वार्ड 36 स्थित डिबडीह नदी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी में जमी गाद, जलकुंभी, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और भवनों से निकलने वाले ड्रेनेज की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि कई स्थानों पर ठोस और तरल अपशिष्ट नदियों में प्रवाहित किया जा रहा हैं, जिससे प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जेसीबी और मैनुअल माध्यम से गाद निकासी कार्य में तेजी लाई जाए और जलकुंभी हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने नदी किनारे हुए अतिक्रमण की पहचान कर अवैध संरचनाओं को हटाने तथा झारखंड बिल्डिंग बाय-लॉज का उल्लंघन करने वाले भवनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा भवनों से निकलने वाले ड्रेनेज को सीधे नदी या सड़क पर छोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए।
अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान
इसी क्रम में रांची नगर निगम ने वार्ड 5 के अंतर्गत बड़गाई चौक से बूटी स्कूल तक मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर बने लगभग 10 अवैध दुकानों, शेडयुक्त ढांचों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से पहले भूमि की मापी कर अतिक्रमण की पहचान की गई थी और संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर भी दिया गया था। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का सुचारू प्रवाह और जल निकासी व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए अतिक्रमण और प्रदूषण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

