बेलवार की मोबाइल फरियाद रंग लाई: डीसी-मंत्री ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड के सोहर पंचायत अंतर्गत बेलवार गांव इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव से जूझ रहा है। गांव की खराब जलमीनार, जर्जर सड़क, नदी पर पुल न होने और बिजली न पहुंचने की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अब सीधे उच्चाधिकारियों का दरवाजा खटखटाया है। ग्राम प्रधान जगतू नागेसिया, बीर मेंडर नागेसिया, राकेश नागेसिया, मंगेश्वर नागेसिया, जीवन नागेसिया, परदेशिया नागेसिया, राम लखन सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मोबाइल फोन के माध्यम से लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार और झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद को गांव की जमीनी हकीकत से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि लाखों की लागत से बनी जलमीनार पिछले 2 साल से खराब पड़ी है। अधिकांश हैंडपंप भी सूख चुके हैं। मजबूरन ग्रामीणों को दूषित चुआं का पानी पीना पड़ रहा है, जिससे बीमारियां फैल रही हैं। गांव को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बरसात में स्थिति नारकीय हो जाती है।

वहीं, गांव के बीच बहने वाली नदी पर पुल न होने से स्कूली बच्चों और मरीजों को जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांव में बिजली नहीं पहुंची है, जिससे शाम ढलते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। मामले में ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर उपायुक्त संदीप कुमार ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि बेलवार गांव की समस्या प्रशासन की प्राथमिकता में है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेलवार गांव में पेयजल, सड़क, पुल और बिजली की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। इसी तरह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भी फोन पर ग्रामीणों की पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेलवार में पेयजल संकट को दूर करने के लिए विभाग त्वरित कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ नल का जल पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है। बेलवार गांव में खराब जलमीनार की मरम्मत के साथ वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों को इस योजना का लाभ जल्द मिलेगा।

ग्रामीणों को जगी आस

डीसी और मंत्री से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद बेलवार के ग्रामीणों में उम्मीद की नई किरण जगी है। ग्राम प्रधान जगतू नागेसिया ने कहा, “प्रशासन ने पहली बार हमारी बात को इतनी गंभीरता से सुना है। हमें पूरा विश्वास है कि अब गांव की तस्वीर जरूर बदलेगी और हम मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेंगे।”प्रशासन की तत्परता से बेलवार के लोगों को पेयजल, सड़क, पुल और बिजली की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।