Brown Sugar Seized : राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक राशन दुकान से 57 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है। इस मामले में दुकान संचालक विजय साहू, उसकी पत्नी सुनीता देवी और पुत्र गोलू साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चांदनी चौक स्थित राशन दुकान में अवैध रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राशन दुकान की आड़ में लंबे समय से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही थी।इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है। तीनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई जाती थी और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
हटिया डीएसपी ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


