
गुमला : जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक रोड एक्सीडेंट ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पालकोट थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, बसिया के लौंगा गांव से कुम्हारी में बारात गई थी। शादी समारोह के बाद शनिवार सुबह सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पालकोट के पास चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दिल्ली निवासी दीनबंधु साहू समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पालकोट ले जाया गया, जहां से दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। लेकिन भरनो पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक कलेश्वर साहू घाघरा प्रखंड के चुंदरी पंचायत में पंचायत सेवक के रूप में कार्यरत थे और उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति सम्मान भी मिल चुका था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

