

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी अभिनय कला और काम के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने निजी ब्लॉग पर एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने उनके प्रशंसकों को एक बार फिर उनकी पेशेवर प्रतिबद्धता का कायल बना दिया। अमिताभ ने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें लगा कि उन्होंने एक दृश्य को उतना बेहतर नहीं निभाया, जितना वह कर सकते थे। यही विचार उन्हें रातभर परेशान करता रहा।





दोबारा शूट किया सीन, फिर भी मन में रहा सवाल
अमिताभ बच्चन ने लिखा कि शूटिंग पूरी होने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि उस दृश्य को और बेहतर तरीके से किया जा सकता था। उन्होंने दोबारा शूट करने की अनुमति मांगी और सीन को फिर से फिल्माया। हालांकि, इसके बाद भी उनके मन में यह सवाल बना रहा कि क्या दूसरा प्रयास पहले से बेहतर था या नहीं। उन्होंने कहा कि इसका जवाब तो दर्शक ही दे पाएंगे, जब वे उस दृश्य को स्क्रीन पर देखेंगे।
परफेक्शन की तलाश में खो गई नींद
बिग बी ने अपने ब्लॉग में बताया कि इसी उधेड़बुन के कारण उन्हें पूरी रात नींद नहीं आई। वह लगातार उसी दृश्य के बारे में सोचते रहे और देखते ही देखते सुबह हो गई। यह घटना दर्शाती है कि दशकों के शानदार करियर के बावजूद अमिताभ आज भी अपने काम को लेकर उतने ही गंभीर और सजग हैं।
कई परियोजनाओं में व्यस्त हैं महानायक
अमिताभ बच्चन इन दिनों लगातार कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बताया था कि उन्होंने एक दिन में 12 लघु फिल्मों और दो स्टिल शूट पूरे किए। आने वाले समय में वह फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल में अश्वत्थामा की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा रामायण: पार्ट 1 और सेक्शन 84 भी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हैं।
