
दुबई: कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में एक फैक्टरी में हुए धमाके में मारे गए 13 लोगों में 12 भारतीय शामिल हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कतर के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रविवार रात रास लाफान में हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।” यह धमाका बरजान गैस फैसिलिटी में हुआ, जो देश के मुख्य LNG उत्पादन और निर्यात केंद्र रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। कतरी अधिकारियों ने इसे तकनीकी दुर्घटना कहा है और इसकी जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए अल-काबी ने मौतों की पुष्टि की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की। इस धमाके में कुल 66 लोग घायल हैं।

