
रांची: भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह द्वारा पार्टी के प्रदेश कार्यालय व मुखर्जी पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया गया। इसके अलावा राज्य भर के मंडलों में भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पार्टी के वरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र की एकता व अखंडता में उनके बहुमूल्य योगदान को याद करते हुए उनके मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए देश को एक नई वैचारिक दिशा प्रदान करने का काम किया। एक देश में ‘दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ नहीं चलेंगे के संकल्प के साथ जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए उनका संघर्ष और राष्ट्रहित में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित रहेगा। राष्ट्र की अखंडता, एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए उनका संघर्ष एवं समर्पण सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि राष्ट्र के प्रति डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का समर्पण, त्याग और संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन हमें राष्ट्रसेवा के मार्ग पर दृढ़ता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानू प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

