BREAKING: दशम फॉल थाना क्षेत्र में नदी किनारे बालू में मिली युवती की लाश, इलाके में सनसनी

रांची के दशम फॉल क्षेत्र में नदी किनारे बालू में दफन युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में जुटी, मौत के कारणों की पड़ताल जारी है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: दशम फॉल थाना क्षेत्र के चुरगी पंचायत अंतर्गत सरजामडीह गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी किनारे बालू में दफन एक युवती का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव का कुछ हिस्सा बालू से बाहर दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर आवश्यक छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है, जिसके बाद अड़की थाना पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव पूरी तरह बालू में दबा हुआ है और उसका केवल कुछ हिस्सा ही बाहर दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अड़की पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव को बालू से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव मिलने से इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को बालू में क्यों दबाया गया। घटना के बाद सरजामडीह समेत आसपास के गांवों में दहशत और कौतूहल का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।