


रांची: सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड रांची की आम सभा बुधवार को रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार मोरहाबादी में उपायुक्त सह संघ अध्यक्ष मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संघ की आगामी योजनाओं, उपलब्धियों, बजट और भावी लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने जिले में बेहतर कार्य करने वाले एमपीसीएस (MPCS) लैम्प्स के प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं किसानों और वनोपज संग्राहकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सहकारिता आंदोलन को और मजबूत करने तथा संस्थाओं में पारदर्शिता व डिजिटलीकरण बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।





उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और कोई भी पात्र मतदाता छूटने न देने की अपील की। बैठक में नशा मुक्ति अभियान पर भी विशेष चर्चा हुई। उन्होंने सभी सहकारी संघों के पदाधिकारियों और सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा नशा न केवल व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। हमें मिलकर इसके खिलाफ मजबूत दीवार खड़ी करनी होगी। उन्होंने अवैध अफीम की खेती की सूचना प्रशासन को देने की भी अपील की और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, डीएफओ श्रीकांत वर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी रविंद्र दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
