धान की बीज बुआई करने गए बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, जमीन विवाद की आशंका

तमाड़ के बारीडीह गांव में धान की बीज बुआई करने गए 75 वर्षीय गोबिंद महतो की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Tamar News : तमाड़ थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव में सोमवार को 75 वर्षीय बुजुर्ग गोबिंद महतो की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, गोबिंद महतो दोपहर में खेत में धान की बीज बुआई करने गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गोबिंद महतो खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़े हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल तमाड़ थाना को सूचना दी।

सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की।

घटना की सूचना पर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा के विधायक प्रतिनिधि ऋषिकेश महतो भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

खबर लिखे जाने तक पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई थी। वहीं हत्या की इस वारदात से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।