
Ranchi Municipal Corporation : रांची में चल रहे कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को निगम की टीम ने हिंदपीढ़ी स्थित इंद्रा पैलेस और सर्ज ऑफिस पाड़ा इलाके में कई कोचिंग सेंटरों का अचानक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम ने अलग-अलग संस्थानों में भवन की वैधता, अग्निशमन व्यवस्था, बिजली सुरक्षा, वेंटिलेशन, आने-जाने के रास्ते, पार्किंग और सीसीटीवी जैसी सुविधाओं की पड़ताल की। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण में एक कोचिंग संस्थान के भवन में कुछ गंभीर खामियां सामने आईं। टीम को भवन की ऊपरी मंजिल पर टिन शेड के नीचे बनाई गई एक लाइब्रेरी मिली, जिस पर नियमों के उल्लंघन का शक जताया गया है। इसके बाद संस्थान प्रबंधन से भवन का स्वीकृत नक्शा और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी के इंतजाम अधूरे पाए गए, उन्हें जल्द से जल्द जरूरी सुरक्षा मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे ताकि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

