पलामू गोलीकांड का खुलासा, रिश्तों पर भारी पड़ा जमीन विवाद

पलामू में 22.5 डिसमिल जमीन विवाद को लेकर ठेकेदार संजय तिवारी पर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने भतीजे प्रीतम तिवारी को हथियार समेत गिरफ्तार किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu News : मेदिनीनगर में ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी कोई और नहीं बल्कि घायल ठेकेदार का सगा भतीजा प्रीतम तिवारी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 20 जून को जीएलए कॉलेज गेट के समीप अष्टभुजी मंदिर के पास संजय तिवारी पर गोली चलाई गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परिवार के भीतर करीब 22.5 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने चाचा पर हमला किया।

घटना के बाद घायल ठेकेदार को तत्काल मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, जिसने विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की।

जांच के दौरान एसआईटी ने रांची रोड स्थित चियांकी हवाई अड्डा के पास से आरोपी प्रीतम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां बरामद हुईं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।