
Opium Seizure : नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 12 किलो अफीम बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए अफीम की खेप दूसरे राज्य भेजी जा रही है। इसके बाद ओरमांझी इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रॉबिन राज और सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि अफीम तमाड़, बुंडू और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों से जुटाई गई थी। इसके बाद इसे रांची के रास्ते बिहार और उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
रांची पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

