
रांची : झारखंड के जमशेदपुर और कोलकाता के बीच चलने वाली इंडिया वन एयर की उड़ान सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई हैं। यह फैसला गुरुवार को लिया गया। सूत्रों के मुताबिक इस कदम के पीछे मुख्य वजह पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) सपोर्ट को आगे न बढ़ाना है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को भी एक बड़ा कारण बताया जा रहा है, जिससे एयरलाइन के संचालन पर सीधा असर पड़ा है।
यह रूट केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) आरसीएस स्कीम के तहत संचालित किया जा रहा था। इस योजना के तहत चयनित रूट्स पर एयरलाइंस को तीन साल तक वित्तीय सहायता दी जाती है। तीन साल की अवधि पूरी होने के बाद एयरलाइन को बिना सरकारी मदद के उड़ान जारी रखनी होती है। इसी क्रम में वेस्ट बंगाल सरकार ने वीजीएफ को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया जिससे इस रूट को चलाना मुश्किल हो गया।
वहीं, दूसरी तरफ इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आने से एविएशन टर्बाइन फ्यूल महंगा हो गया है। इसका सीधा असर एयरलाइन के ऑपरेशन कॉस्ट पर पड़ा और सेवा जारी रखना आर्थिक रूप से असंभव हो गया। इसके चलते जमशेदपुर–कोलकाता रूट पर उड़ानें फिलहाल रोक दी गई हैं, जिससे इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

