
दयानंद राय
माथेरान महाराष्ट्र का एक बेहद खूबसूरत और अनोखा हिल स्टेशन है, जो समुद्र तल से लगभग 800 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यह मुंबई और पुणे के काफी करीब है और अपनी खासियत के लिए जाना जाता है कि यह एशिया का एकमात्र हिल स्टेशन है जहाँ मोटर व्हीकल पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। माथेरान पहुँचने के लिए आप रेल मार्ग से नेरल जंक्शन तक आ सकते हैं, जहाँ से प्रसिद्ध टॉय ट्रेन चलती है जो घने जंगलों, घाटियों और पहाड़ियों के बीच से गुजरते हुए आपको माथेरान तक ले जाती है। मानसून के समय यह ट्रेन अमन लॉज से माथेरान तक चलती है। सड़क मार्ग से आप नेरल या भिवपुरी होते हुए दस्तूरी पॉइंट तक पहुँच सकते हैं, जहाँ से आगे केवल पैदल, घोड़े, हाथ से खिंची गाड़ी या ई-रिक्शा द्वारा लगभग 3 किमी का सफर तय करके माथेरान पहुँचा जाता है। निकटतम हवाई अड्डे मुंबई (100 किमी) और पुणे (120 किमी) हैं।
यहाँ लगभग 52 दर्शनीय पॉइंट हैं जो 7 से 10 किमी के क्षेत्र में फैले हुए हैं। इनमें पैनोरमा पॉइंट, अलेक्जेंडर पॉइंट, लुईसा पॉइंट, एको पॉइंट, वन ट्री हिल पॉइंट और चार्लोट लेक जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं।
यह जगह ट्रैकिंग, जंगल वॉक, सनराइज और सनसेट व्यू और मानसून में झरनों के शानदार नजारों के लिए बहुत प्रसिद्ध है। रहने के लिए यहाँ हर बजट में होटल, रिसॉर्ट और होमस्टे उपलब्ध हैं। खाने में स्थानीय महाराष्ट्रियन भोजन, मिसल पाव, साउथ इंडियन और पंजाबी फूड आसानी से मिल जाता है। यहाँ की चॉकलेट फज और बेरी आइटम्स जरूर ट्राई करने चाहिए।
माथेरान घूमने का सबसे अच्छा समय मानसून यानी जून से सितंबर के बीच होता है, जब पूरा इलाका हरियाली से भर जाता है। ध्यान रहे कि यहाँ गाड़ियाँ नहीं चलतीं, पार्किंग सिर्फ दस्तूरी पॉइंट तक ही होती है।

