1 जुलाई से 3 महीने तक बंद रहेगा बेतला नेशनल पार्क, जानिए वजह

बेतला नेशनल पार्क 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। वन्यजीवों के प्रजनन काल को देखते हुए NTCA के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: अगर आप आने वाले दिनों में बेतला नेशनल पार्क घूमने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। 1 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक बेतला नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। यह फैसला नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) के निर्देश पर वन्यजीवों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस दौरान पार्क में पर्यटकों की एंट्री पर पूरी तरह रोक रहेगी, ताकि वन्यजीव बिना किसी व्यवधान के प्राकृतिक वातावरण में रह सकें और उनका प्रजनन प्रभावित न हो।

बाघ समेत कई दुर्लभ वन्यजीवों का है बसेरा

बेतला नेशनल पार्क झारखंड के प्रमुख वन्यजीव अभयारण्यों में से एक है। यहां बाघ, तेंदुआ, जंगली हाथी, भैंसा, हिरण और बंदर समेत कई दुर्लभ वन्यजीव पाए जाते हैं। हाल ही में लगाए गए ट्रैप कैमरों में चार बाघों की मौजूदगी भी दर्ज की गई है, जिससे पार्क की जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण को लेकर उम्मीदें और बढ़ी हैं। पार्क बंद रहने के दौरान वन विभाग सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा। नियमित गश्त के साथ-साथ वॉच टावरों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा, ताकि वन्यजीवों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।

इन जगहों का ले सकते हैं आनंद

हालांकि तीन महीने तक बेतला नेशनल पार्क में प्रवेश नहीं मिलेगा, लेकिन पर्यटकों के लिए कुछ सुविधाएं जारी रहेंगी। वन विभाग के रेस्ट हाउस और कैंटीन इस अवधि में खुले रहेंगे। इसके अलावा पर्यटक पलामू किला, केचकी संगम और मिरचईया जलप्रपात जैसे आसपास के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर सकते हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।