आजसू पार्टी का महिला अधिवेशन 4 जुलाई को, भविष्य की बनेगी रणनीति

आजसू पार्टी के अखिल झारखंड महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन 4 जुलाई को रांची में होगा। इसमें सभी पंचायतों की महिला प्रतिनिधि शामिल होकर संगठन की नई रणनीति तय करेंगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आजसू पार्टी के अनुषंगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन 4 जुलाई को राजधानी के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में राज्य के सभी पंचायतों से महिला प्रतिनिधि हिस्सा लेंगी। हरमू स्थित प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रेसवार्ता में पार्टी की केंद्रीय महासचिव निर्मला भगत ने बताया कि यह अधिवेशन महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी को सशक्त बनाने और भविष्य की रणनीति तय करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। अधिवेशन का आयोजन दो सत्रों में होगा।उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो महिला अधिवेशन का विधिवत उद्घाटन करेंगे। अधिवेशन में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा की घोषणा की जाएगी। इस सत्र में राज्य के सभी 24 जिलों से आए प्रखंड स्तर के प्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे।

नेताओं ने बताया कि द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा। इस सत्र में पंचायत स्तर तक की महिलाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ओपन सत्र के दौरान प्रथम सत्र में लिए गए सभी महत्वपूर्ण निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा की जाएगी। इसमें नव-चयनित पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी और पार्टी के भावी कार्यक्रमों की घोषणा होगी। प्रेस वार्ता में पार्टी की केंद्रीय महासचिव एवं रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, केंद्रीय सचिव वीणा चौधरी, फूलकुमारी देवी, महिला जिलाध्यक्ष वीणा देवी तथा सबिता देवी उपस्थित थीं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।