हिमांशु हत्याकांड पर राजनीति बंद करे भाजपा, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग करे : राकेश सिन्हा

कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने जमशेदपुर घटना पर भाजपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून के तहत दोषियों को सजा मिले, न कि संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिकरण हो।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जिस भाजपा के शासन में मॉब लिंचिंग, दंगे और अपराधियों का महिमामंडन हुआ, उसे कानून-व्यवस्था पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं

रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान को राजनीतिक अवसरवाद का परिचायक बताते हुए कहा कि जमशेदपुर की दुखद घटना पूरे राज्य के लिए पीड़ादायक है। कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है और स्पष्ट रूप से मानती है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। लेकिन भाजपा इस संवेदनशील घटना को राजनीतिक मंच बनाकर अपनी खोती हुई जमीन तलाशने में जुट गई है। सिन्हा ने कहा कि भाजपा को जनता को गुमराह करने से पहले अपने शासनकाल का इतिहास देख लेना चाहिए। देश आज भी मॉब लिंचिंग, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, सांप्रदायिक हिंसा, पेपर लीक, किसानों पर अत्याचार और मणिपुर जैसी घटनाओं को नहीं भूला है। अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की राजनीति करने वाली भाजपा यह बताए कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने वाले कितने लोगों के खिलाफ उसने अपने दल के भीतर कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने घटना का गंभीर संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है और जांच आगे बढ़ रही है। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। लेकिन भाजपा का उद्देश्य न्याय नहीं, बल्कि जनभावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ उठाना है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि आदित्य साहू द्वारा पुलिस प्रशासन और सरकार पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन और गैर-जिम्मेदाराना हैं। बिना किसी प्रमाण के पोस्टिंग में सौदेबाजी जैसे आरोप लगाना केवल राजनीतिक हताशा का परिणाम है। यदि भाजपा के पास कोई सबूत है तो उसे जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करे, अन्यथा जनता को भ्रमित करना बंद करे। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड बंद और आंदोलन की धमकी देकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ना चाहती है। कांग्रेस मानती है कि कानून हाथ में लेने, तनाव फैलाने और बंद की राजनीति से किसी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता। न्याय अदालत और कानून के माध्यम से मिलेगा, न कि राजनीतिक नौटंकी से।

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में झारखंड और देशभर में हुई हजारों अपराध की घटनाओं पर उसके नेताओं की आवाज़ क्यों नहीं सुनाई देती थी। जब अपराध भाजपा शासित राज्यों में होते हैं तो उनके नेता चुप्पी साध लेते हैं, लेकिन विपक्षी राज्यों में वही लोग सबसे ऊंची आवाज़ में राजनीति करने लगते हैं। यही भाजपा का दोहरा चरित्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कानून के शासन, सामाजिक सौहार्द और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भाजपा यदि वास्तव में संवेदनशील है तो आग में घी डालने के बजाय जांच और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करे। झारखंड की जनता नफरत और उन्माद की राजनीति को नहीं, बल्कि जवाबदेही, न्याय और विकास की राजनीति को स्थान देती है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।