
Train Accident : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में छात्रा की जान चली गई। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा हुसैनाबाद-जपला रेलवे स्टेशन के पास बक्शी हाई स्कूल के नजदीक हुआ। मृत छात्रा की पहचान देवरी ओपी क्षेत्र के सोनपुरवा गांव निवासी बबीता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रेलवे लाइन पार कर रही थी, तभी अचानक ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।
चूंकि हादसा रेलवे ट्रैक पर हुआ था, इसलिए मामले की जानकारी जीआरपी को भी दी गई है। स्थानीय पुलिस और जीआरपी दोनों मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में रेलवे लाइन पार करने के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

