जेबीवीएनएल की बड़ी उपलब्धि, जून में पहली बार 95% उपभोक्ताओं तक पहुंचा बिजली बिल

जेबीवीएनएल ने जून 2026 में पहली बार 95 प्रतिशत उपभोक्ताओं तक बिजली बिल पहुंचाकर नया रिकॉर्ड बनाया। निगम ने 468.52 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली कर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

Razi Ahmad
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

JBVNL Revenue Collection : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने बिजली बिलिंग के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। जून 2026 में निगम ने राज्य के 95 प्रतिशत उपभोक्ताओं तक बिजली बिल पहुंचाकर अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। इसके साथ ही विभाग ने 468.52 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली भी की है।

जेबीवीएनएल के मुताबिक राज्य में कुल 55.97 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से जून महीने में 52.95 लाख उपभोक्ताओं की सफलतापूर्वक बिलिंग की गई। विभाग का कहना है कि यह पहली बार है जब बिलिंग का आंकड़ा 95 प्रतिशत तक पहुंचा है।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं तक समय पर बिल नहीं पहुंच पाता था। इसे सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। नियमित समीक्षा बैठकें, फील्ड मॉनिटरिंग और बिलिंग एजेंसियों की जवाबदेही तय करने जैसे कदम उठाए गए, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है।

बिलिंग में सुधार का असर राजस्व वसूली पर भी पड़ा है। जून महीने में विभाग ने 468.52 करोड़ रुपये की वसूली दर्ज की, जिसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विभाग का मानना है कि समय पर बिल मिलने से उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान करने की दर भी बढ़ी है।

जेयूवीएनएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के. श्रीनिवासन ने अधिकारियों को जुलाई में 100 प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया है। साथ ही 500 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व वसूली का टारगेट भी तय किया गया है।

विभाग का कहना है कि ऊर्जा मित्रों के लंबित वेतन भुगतान की समस्या दूर करने और फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने से भी बिलिंग व्यवस्था में काफी सुधार आया है। अब निगम जुलाई में शत-प्रतिशत बिलिंग का नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुट गया है।

बिजली विभाग का दावा है कि लगातार बेहतर होती बिलिंग व्यवस्था से न सिर्फ निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी अधिक पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं मिलेंगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।