
Public Grievance Camp : रांची पुलिस के तत्वावधान में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में बुंडू में अनुमंडलीय जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में अनुमंडल क्षेत्र से कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद एवं महिला उत्पीड़न से जुड़े थे।
ग्रामीण एसपी, बुंडू डीएसपी तथा संबंधित थाना प्रभारियों ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर में तमाड़ निवासी रिंकी देवी ने जमीन बंटवारे, बुंडू नगर पंचायत की लक्ष्मी देवी ने मकान खाली कराने के मामले में अंचल अधिकारी द्वारा नोटिस नहीं दिए जाने, लक्ष्मण सिंह मुंडा ने बिना पोस्ता खेती किए जेल भेजे जाने, बालाडींग निवासी सुनील महतो ने भूमि विवाद, हरामलोहार की संतोषी कुमारी ने पति द्वारा दूसरी शादी करने तथा पेडाईडीह की सुनीता प्रमाणिक ने पति द्वारा उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। वहीं दशम फॉल थाना क्षेत्र के उलिदा गांव की मीरा देवी ने अपने जेठ पर अर्धनिर्मित चारदीवारी तोड़ने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि बुंडू अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग जिला एसपी कार्यालय पहुंच रहे थे। आम लोगों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित न्याय और समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन की संयुक्त पहल पर इस जन शिकायत समाधान कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन को जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल महतो, सोनाहातु थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप, राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन सिंह, महिला थाना प्रभारी बुलबुल कुमारी सहित बुंडू थाना के एसआई, एएसआई रंजीत महतो, नवीन कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

