
रांची : रांची में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने जून महीने में सख्त अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) के नेतृत्व में 1 जून 2026 से 30 जून 2026 तक शहर के सभी ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और वाहन मालिकों पर लगातार कार्रवाई की गई। पूरे महीने में पुलिस ने कुल 1,24,144 वाहनों का 9.50 करोड़ रुपये का चालान जारी किया। वहीं गंभीर मामलों में 831 मामलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत भेजा गया।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं था, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों को गंभीरता से लें। अधिकारियों का कहना है कि अगर लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इसके साथ ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।

