बड़ी खबर: पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव और बेटे रोहित को फिर ईडी का समन, 6 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया

ईडी ने झारखंड के कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को शराब टेंडर से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन मामले में 6 जुलाई को पूछताछ लिए समन भेजा

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व वित्त मंत्री  रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को एक बार फिर ईडी ने समन भेजा है। एजेंसी ने दोनों को 6 जुलाई को अपने जोनल कार्यालय में पेश होकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया है। इससे पहले भी ईडी ने दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे तय तारीख पर उपस्थित नहीं हो सके थे। बताया गया कि उस समय उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए एजेंसी से करीब तीन हफ्ते का अतिरिक्त समय मांगा था। अब नई तारीख के साथ उन्हें 6 जुलाई को पेश होने के लिए कहा गया है।

शराब टेंडर से जुड़े वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला कथित शराब टेंडर से जुड़े वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी का दावा है कि उसे कुछ ऐसे दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनसे रोहित उरांव और झारखंड के चर्चित पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश के बीच बड़े पैमाने पर पैसों के लेन-देन के संकेत मिलते हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस कथित लेन-देन का बड़ा हिस्सा बैंकिंग चैनल के जरिए हुआ था।

ईडी को इन संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी शराब घोटाले की जांच के दौरान ही मिली थी। इसके बाद एजेंसी ने रोहित उरांव से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। इस दौरान जब्त किए गए दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच के बाद कथित लेन-देन की कड़ियां जुड़ती नजर आईं। अब सभी की निगाहें 6 जुलाई पर टिकी हैं, जब रामेश्वर उरांव और रोहित उरांव को ईडी के सामने पेश होना है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान एजेंसी उनसे शराब टेंडर प्रक्रिया, वित्तीय लेन-देन और मिले हुए डिजिटल सबूतों पर विस्तार से सवाल पूछ सकती है। फिलहाल ईडी इस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और पूछताछ के बाद अगली कार्रवाई तय की जाएगी।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।