
जम्मू-कश्मीर: गांदरबल जिले में शुक्रवार को CRPF के जवानों को ले जा रहा एक वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह दुर्घटना श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनमर्ग सुरंग के पास हुई, जहां वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से फिसलकर पलट गया। हादसे के वक्त वाहन में कई जवान सवार थे। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद राहत और बचाव दल बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंच गया।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमों ने मिलकर वाहन में फंसे जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दुर्घटना में छह जवान घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गुंड स्थित सीआरपीएफ शिविर के चिकित्सा केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी जवानों की हालत स्थिर बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन सड़क पर फिसलने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है।

