
रांची: रांची में राज अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत और परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर रांची के उपायुक्त को मामले की पूरी जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद रांची के उपायुक्त ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन रांची को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए जिला स्तरीय जांच टीम गठित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया गया कि पैर टूटने के बाद राज अस्पताल में भर्ती एक मरीज को आईसीयू में रखा गया, इलाज के नाम पर 22 लाख रुपये का बिल बनाया गया और अंततः मरीज की मौत हो गई। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच टीम पूरे मामले की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया था। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा था।

