
देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही बदलाव लागू किए जाएंगे। इसके लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित श्रावणी मेला और बाबा मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़ी अहम बैठक में चर्चा हुई। इस बैठक में बताया गया कि मंदिर में अब पूरे साल बाह्य अर्घा की व्यवस्था कायम रहेगी। वहीं मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया। बैठक में मौजूद अधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों ने दोनों प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। बैठक की अध्यक्षता डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने की। इसमें पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्यों के साथ कई वरिष्ठ और प्रबुद्ध पुरोहित भी शामिल हुए। बैठक के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा सुगम जलार्पण, भीड़ प्रबंधन, शीघ्रदर्शनम व्यवस्था, वीआईपी पूजा व्यवस्था समेत मंदिर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों ने मंदिर व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव डीसी के सामने रखे। डीसी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

