


सिल्ली/मुरी: रांची जिले के मुरी ओ.पी. क्षेत्र तथा सिल्ली थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास दो अलग-अलग स्थानों से अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पहली घटना मुरी ओ.पी. क्षेत्र के ग्राम लगाम स्थित रेलवे फाटक के समीप की है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने के बाद मुरी ओ.पी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।





वहीं दूसरी घटना सिल्ली थाना क्षेत्र के कोचाजारा के समीप रेलवे पोल संख्या 361/15 के पास की है, जहां रेलवे पटरी के किनारे एक अज्ञात शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई।
दोनों मामलों में मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो या शव की पहचान हो सके तो तत्काल संबंधित थाना अथवा मुरी ओ.पी. को सूचना दें, ताकि मृतकों की शिनाख्त कर आगे की कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
