
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का सबसे बड़ा अस्पताल ‘रिम्स’ अब गरीब मरीजों का इलाज करने के बजाय अवैध वसूली और लूट का केंद्र बन चुका है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त बदहाली और कुव्यवस्था रोजाना अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
रिम्स के विश्राम गृह में तय 25 रुपये के शुल्क की जगह कैंटीन संचालकों द्वारा गरीब मरीजों और उनके परिजनों से 240 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। ठेकेदारों और चिकित्सकों की मिलीभगत से जनता को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। पोटका प्रखंड में समय पर इलाज न मिलने के कारण मलेरिया से 8 ग्रामीणों की मौत हो गई, जिसके बाद सरकार की नींद खुली।हजारीबाग में सड़क न होने की वजह से एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके चलते बिरहोर आदिम जनजाति की एक महिला के शव को ग्रामीण खटिया पर लादकर दो किलोमीटर पैदल ले जाने को मजबूर हुए। राज्य सरकार अपने मंत्रियों और विधायकों का इलाज राज्य के बाहर महंगे अस्पतालों में कराती है, जबकि आम जनता को पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। अभय सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावे पूरी तरह हवा-हवाई और जमीनी हकीकत से परे हैं।

