

Palamu News : पलामू पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पांकी थाना क्षेत्र के झरड़ा पुल के पास एक कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने 48.200 किलोग्राम डोडा (पोस्ता भूसी), 230 ग्राम अफीम, एक मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की गई टोयोटा इटियोस कार जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।





पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को वाहन जांच के दौरान हरियाणा नंबर की संदिग्ध कार (HR-90-5362) को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार से चार बोरों में रखे 12.600 किलो, 13.200 किलो, 10.500 किलो और 11.900 किलो डोडा बरामद हुआ। इसके अलावा कार से 230 ग्राम अफीम भी मिली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रगट सिंह, निवासी सिरसा (हरियाणा), और आसीम आलम उर्फ बिड़्डू, निवासी तरहसी थाना क्षेत्र, पलामू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि हरियाणा निवासी आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई एसडीपीओ लेस्लीगंज (पांकी) प्रशांत कुमार-2 के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पांकी, लेस्लीगंज और तरहसी थाना पुलिस तथा सशस्त्र बल के सहयोग से की। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
