राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच हो: कुमारी सैलजा

कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की बात कही।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़: कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने रविवार को राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले की उच्चतम न्यायालय के मौजूदा या सेवानिवृत न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र रूप से जांच कराने की मांग की। सिरसा (हरियाणा) की सांसद सैलजा ने कहा कि लोगों की आस्था और चढ़ावे से जुड़े सभी सवालों का जवाब पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए।

एक बयान में, पार्टी महासचिव और कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने कई बड़े वादे पूरे करने में नाकाम रही है, जिनमें किसानों की आय दोगुनी करना, हर नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करना और 2022 तक सभी को आवास उपलब्ध कराना जैसे वादे शामिल हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वादों और हकीकत के बीच का अंतर साफ हो गया है। उन्होंने सरकार से जनता के भरोसे, जनता के पैसे और राष्ट्र हित से जुड़े मामलों में अधिक जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की। सैलजा ने नोटबंदी की स्वतंत्र रूप से समीक्षा कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इसे काला धन, भ्रष्टाचार और जाली नोटों पर प्रहार के तौर पर पेश किया गया था, लेकिन इससे छोटे कारोबारियों, मज़दूरों और आम नागरिकों को परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि इस नीति के घोषित लक्ष्यों का निष्पक्ष प्रक्रिया के जरिए आकलन किया जाना चाहिए।
राम मंदिर के मुद्दे पर सैलजा ने कहा कि मीडिया में आई खबरों और राजनीतिक चर्चाओं के बाद मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि लाखों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के कारण चढ़ावा चढ़ाया है, इसलिए वित्तीय अनियमितताओं के किसी भी आरोप की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि जांच की विश्वसनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इसे उच्चतम न्यायालय के मौजूदा या सेवानिवृत न्यायाधीश की निगरानी में कराया जाए।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।