7 वर्षों से बदहाल सड़क से जूझ रहे अमन नगर के ग्रामीण, पीसीसी सड़क और पक्की नाली निर्माण की उठाई मांग

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : नगड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हाई स्कूल, अमन नगर में जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने एक बार फिर जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं झारखंड सरकार से पीसीसी सड़क और पक्की नाली के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से खराब सड़क के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी ग्राम हाई स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को होती है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर स्कूल आना-जाना पड़ता है। कीचड़ और जलजमाव के कारण कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा के कार्यों के लिए इसी सड़क का उपयोग करना पड़ता है, लेकिन खराब सड़क के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले सात वर्षों के दौरान नगड़ी प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों को कई बार आवेदन देकर पीसीसी सड़क एवं पक्की नाली निर्माण की मांग की गई।

इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में निराशा और आक्रोश है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और नाली का निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलजमाव की समस्या भी समाप्त होगी और स्कूली बच्चों सहित आसपास के लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों तथा झारखंड सरकार से अविलंब पीसीसी सड़क और पक्की नाली निर्माण की स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।