
जमशेदपुर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो एमबीबीएस छात्र (जूनियर डॉक्टर) डिमना लेक में लापता हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों पानी में डूब गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के कई छात्र मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी तुरंत डिमना लेक पहुंचकर दोनों की तलाश शुरू कर दी।
रात में रुका रेस्क्यू, सुबह फिर शुरू हुई तलाश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों छात्र गुरुवार रात डिमना लेक गए थे। इसी दौरान उनके पानी में डूबने की आशंका जताई गई। देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने और लेक की गहराई अधिक होने की वजह से राहत एवं बचाव अभियान में दिक्कत आई। इसी कारण गोताखोर गुरुवार रात पानी में नहीं उतर सके और तलाश का अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह होते ही बोड़ाम थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीम की मदद से डिमना लेक में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
तीसरे साथी से पूछताछ, हर पहलू की जांच
पुलिस हादसे की असली वजह जानने के लिए उनके साथ मौजूद तीसरे साथी से पूछताछ कर रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। घटना की खबर फैलते ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज के छात्र बड़ी संख्या में घटनास्थल पहुंचने लगे। पुलिस स्थानीय लोगों और छात्रों से भी पूछताछ कर रही है।
इधर, एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि देर रात तक उन्हें इस घटना से जुड़ी कोई सूचना नहीं मिली थी। वहीं, पुलिस और प्रशासन की ओर से भी छात्रों की पहचान और घटना के कारणों को लेकर अभी कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस, एनडीआरएफ और बचाव दल दोनों छात्रों की तलाश में जुटे हुए हैं।

