
रांची: राजधानी रांची में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अपराधी अब दिनदहाड़े भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र के पीस रोड स्थित द्वारिकेश अपार्टमेंट का है, जहां गुरुवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है।
अपार्टमेंट के अंदर घुसकर महिला को बनाया निशाना
घटना को लेकर बताया जा रहा कि द्वारिकेश अपार्टमेंट में रहने वाली पौलमी दत्ता गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे पास के उदय मिष्ठान के पास से दूध और सब्जी खरीदकर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह अपार्टमेंट परिसर में पहुंचीं, हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक उनके पीछे-पीछे अंदर दाखिल हो गए। दोनों आरोपी देखने में आम लोगों की तरह लग रहे थे। महिला जब सीढ़ियां चढ़कर अपने फ्लैट के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक बदमाश ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। चेन छीनने के बाद दोनों आरोपी तुरंत बाइक पर सवार हुए और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश वहां से निकल चुके थे। घटना की जानकारी तुरंत डायल 112 और लालपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
लालपुर थाना पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है। लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।

