
रांची: राजधानी रांची में बढ़ती छिनतई की घटनाओं के बीच एक युवती ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए मोबाइल स्नैचरों को मात दे दी। बाइक सवार बदमाशों ने युवती के हाथ से मोबाइल छीन लिया, लेकिन उसने हार नहीं मानी और उनका पीछा कर अपना फोन वापस हासिल कर लिया। यह मामला धुर्वा थाना क्षेत्र में एटीएस मुख्यालय के पास का है। जहां स्कूटी से जा रही युवती से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया था। हालांकि, युवती ने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अपना मोबाइल वापस ले लिया।
स्कूटी से जा रही थी युवती तभी हुई वारदात
जानकारी के अनुसार 22 जुलाई की दोपहर करीब 12:15 बजे वर्षा कुमारी अपनी मां के साथ स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान एटीएस मुख्यालय के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। अचानक हुई इस घटना में वर्षा स्कूटी से गिरते-गिरते बचीं। मोबाइल छिनने के बाद उन्होंने तुरंत हिम्मत दिखाई और स्कूटी से ही दोनों बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
ट्रैफिक जाम में फंसे बदमाशों से युवती ने वापस लिया मोबाइल
पीछा करते हुए वर्षा शहीद मैदान मछली मार्केट के सामने पहुंचीं। वहां ट्रैफिक जाम के कारण दोनों बदमाशों की बाइक रुक गई। वर्षा ने बदमाशों से अपना मोबाइल वापस करने को कहा, लेकिन उन्होंने फोन लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से युवती ने बदमाशों की जेब से अपना मोबाइल निकाल लिया। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को देखते ही बाइक छोड़कर भागे आरोपी
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर शालीमार बाजार की तरफ पैदल भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों की बाइक को जब्त कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बाइक की नंबर प्लेट पर स्टिकर लगाकर नंबर छिपाया गया था। स्टिकर हटाने के बाद बाइक का वास्तविक नंबर जेएच-01एफवी-1310 मिला।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में वर्षा कुमारी ने धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। राजधानी रांची में पिछले कुछ समय से मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।

