रांची में SIR-2026 की समीक्षा, धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार

SIR-2026 की समीक्षा बैठक में रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। लापरवाही बरतने वालों को शोकॉज और वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

SIR 2026 : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शेष छह दिनों के भीतर Enumeration Form का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन हर हाल में पूरा किया जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी ERO और AERO से विधानसभावार प्रगति रिपोर्ट ली गई। उपायुक्त ने उन मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, जहां फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की रफ्तार धीमी पाई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिशन मोड में काम करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिया कि अगले छह दिनों तक सभी BLO सुपरवाइजर लगातार फील्ड में रहकर BLO के साथ समन्वय बनाएं, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा तय समयसीमा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में खराब प्रदर्शन को लेकर रातू के AERO-सह-अंचलाधिकारी रवि कुमार, चान्हो अंचलाधिकारी, हेहल अंचलाधिकारी और AMC चंद्र दीप कुमार को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने पर बुंडू के AERO और बड़गाईं के अंचलाधिकारी को भी शोकॉज जारी करने के साथ उनका वेतन रोकने का आदेश दिया गया।

इसके अलावा उपायुक्त ने BLO सुपरवाइजरों की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने और जिन BLO का डिजिटाइजेशन कार्य 50 प्रतिशत से कम है, उन्हें भी शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि SIR-2026 निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है और इसे तय समयसीमा के भीतर पूरा करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।