रमेश सिंह मुंडा की जयंती पर भावुक हुए विधायक विकास मुंडा, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया जनसेवा का संकल्प

रमेश सिंह मुंडा की जयंती पर बुंडू समेत कई स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए। पुत्र विकास कुमार मुंडा ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पिता के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची (बुंडू) : झारखंड के पूर्व मंत्री और तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय रमेश सिंह मुंडा की जयंती पर मंगलवार, 11 नवंबर को बुंडू समेत कई स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर उनके पुत्र और तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके बताए रास्ते पर चलने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। श्रद्धांजलि कार्यक्रम झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रधान कार्यालय, बुंडू स्थित रमेश सिंह मुंडा स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय, रमेश सिंह मुंडा महिला महाविद्यालय और बुंडू प्रखंड के तैमारा चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आयोजित किए गए। सभी जगह लोगों ने माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर जननेता को याद किया।

इस दौरान विधायक विकास कुमार मुंडा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पिता का स्नेह, उनके आदर्श और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा रहेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही पिता आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष, दूरदर्शिता और यादें हमेशा उनके दिल में जीवित रहेंगी। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

रमेश सिंह मुंडा का जीवन संघर्ष, जनसेवा और जनहित के प्रति समर्पण की मिसाल रहा। वे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर हमेशा मुखर रहते थे। बुंडू सहित पूरे पंचपरगना क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी दूरदर्शी सोच को आज भी लोग याद करते हैं। 9 जुलाई 2008 को बुंडू में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी। उनके निधन के बाद भी उनके विचार और जनसेवा की विरासत क्षेत्र के लोगों को प्रेरित करती रही है। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि हर्षवर्धन शर्मा, अशरफ अंसारी, शिवनाथ मुंडा, सिकंदर खान, सोमरा कुंडु, बासु सेठ, प्रदीप मुंडा, उमेश महतो, दिनेश जायसवाल, शहीद अंसारी, कोलेश्वर मुंडा, सुरथ दास, मुखिया हीरा मुंडा, अरविंद कुमार, बबलू, कमल उरांव, सुबोध दास, रमेश मुंडा, शोभित जायसवाल, बिरसा मुंडा, शशि भूषण मुंडा, राकेश जायसवाल, रोशन जायसवाल और हीरालाल गोराई समेत सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता, शुभचिंतक और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रमेश सिंह मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, जनसेवा, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।