
Katihar News : बिहार के कटिहार जिले में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। बरारी थाना क्षेत्र के बांसमीढ़ी गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हथियार बनाने का पूरा सेटअप बरामद हुआ। मौके से मो. रजाउल अंसारी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और मशीनें बरामद की गईं।
डीएसपी सुनील शर्मा ने बताया कि बरामद सामान में एक दोनाली बंदूक, चार देसी कट्टे, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा, तीन बैरल, तीन अर्द्धनिर्मित देसी कट्टे, एक कट्टे की बॉडी, तीन ट्रिगर, दो खोखे, एक लोहे का फरसा, एक मोटर लेथ मशीन और एक मोबाइल फोन शामिल हैं। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने घर में ही अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यहां तैयार किए गए हथियार किन अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। कटिहार पुलिस और STF की इस कार्रवाई को अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

