
पलामू : पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में भरठुवा बंदूक से गोली लगने के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान नावाडीह हूटार गांव निवासी श्यामलाल भुइयां के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने भरठुवा बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। हालांकि यह घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सही वजह अभी सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे रामगढ़ थाना पुलिस को एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक श्यामलाल भुइयां की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि गोली चलने के बाद भरठुवा बंदूक दो हिस्सों में टूट गई।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

