पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार

पलामू पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद किया। चालक गिरफ्तार हुआ और पुलिस तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय और खुदरा बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1.5 करोड़ बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के रास्ते जपला होते हुए भारी मात्रा में गांजे की खेप पलामू से गुजरने वाली है। सूचना के बाद हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त एसआईटी टीम का गठन किया गया।

छतरपुर मेन रोड स्थित गमरिया गांव के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान देर रात करीब 12:30 बजे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

जांच में पता चला कि ट्रक के अंदर लकड़ी का पलंगनुमा ढांचा बनाकर गांजे की खेप छिपाई गई थी। ऊपर से पुराने प्लास्टिक और खाली कैरेट रखकर उसे सामान्य माल की तरह दिखाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें बरामद सामग्री गांजा पाई गई। इसके बाद पूरी खेप और ट्रक को जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, एसआईटी अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।